दंतेवाड़ा- नक्सली अपनी निराशा अब मुख्य धारा में लौट रहे अपने ही साथियों के परिवार पर निकाल रहे हैं। दंतेवाड़ा में अपने एक साथी के सरेंडर करने के बाद नक्सलियों ने मंगलवार देर रात उसके बूढ़े पिता की गला रेतकर हत्या कर दी। सूचना मिलने पर जवानों ने शव बरामद कर लिया है। पुलिस कुछ देर बाद शव लेकर मुख्यालय पहुंचेगी। मामला कटेकल्याण थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, मड़ गादम के बड़े गाटव निवासी नक्सली जोगा कवासी ने एक जनवरी को सरेंडर कर दिया था। इसके बाद मंगलवार देर रात हथियारबंद नक्सली बड़ी संख्या में उसके गांव पहुंच गए। उस दौरान घर में उसके बूढ़े पिता लखमा कवासी थे। नक्सली उन्हें उठाकर ले गए। अगले दिन बुधवार सुबह गांव में ही उनका शव मिला। नक्सलियों ने गला रेतकर उनकी हत्या कर दी।

नक्सलियों ने दी थी सरेंडर करने वालों को जान से मारने की धमकी
सरेंडर करने वाले अपने साथियों को नक्सली लगातार धमकी दे रहे हैं। नक्सलियों की कटेकल्याण एरिया कमेटी ने 10 फरवरी की सुबह पर्चा फेंककर सरेंडर करने वाले अपने साथियों को गद्दार बताया था। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी थी। बावजूद इसके दोपहर में 13 नक्सलियों ने सरेंडर किया था। प्रशासन के लोन वर्राटू (घर वापस आइए) अभियान के तहत पिछले 8 माह में 310 नक्सली सरेंडर कर चुके हैं। इनमें 77 इनामी नक्सली भी शामिल हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here