भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज चेतन चौहान का रविवार को 73 साल की उम्र में निधन हो गया। यूपी के मंत्री चेतन चौहान का निधन दिल का दौरा पडऩे से हो गया। कोरोना से संक्रमित चौहान गुरूग्राम में मेदांता अस्पताल में भर्ती थे। चौहान पिछले महीने कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। उनके अंगों ने काम करना बंद कर दिया है और वह गुरूग्राम के अस्पताल में वेंटिलेटर पर थे। उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री चौहान को 12 जुलाई को कोरोना जांच में पॉजिटिव पाए जाने के बाद लखनऊ के संजय गांधी पीजीआई अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनकी हालत में सुधार नहीं आने के बाद उन्हें गुरूग्राम में मेदांता अस्पताल में भर्ती करया गया था। शनिवार को डीडीसीए के एक सीनियर अधिकारी ने बताया था, सुबह चेतन जी की किडनी ने काम करना बंद कर दिया और फिर कई अंगों ने। वह लाइफ सपोर्ट पर हैं। हम दुआ कर रहे हैं कि यह जंग वह जीत जाए। भारत के लिए 40 टेस्ट खेलने वाले चौहान लंबे समय तक सुनील गावस्कर के सलामी जोड़ीदार रहे। वह दिल्ली और जिला क्रिकेट संघ में भी विभिन्न पदों पर रहे और ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भारतीय टीम के मैनेजर भी थे।