बिलासपुर- छह औषधिय तत्व। 10 स्वास्थ्यगत परेशानी दूर करता है बेर। फल की श्रेणी में शामिल है लेकिन फल जैसे सम्मान से काफी दूर है। इसके बावजूद ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ताओं के बीच अच्छा-खासा लोकप्रिय है। गुणों के खुलासे के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि बेर अब फल की प्रतिष्ठा को हासिल कर पाएगा।
बेर या बोइर। दोनों शब्दों से पहचाना जाने वाला ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों के बीच लोकप्रिय बोइर में जैसे पोषक तत्वों की जानकारी सामनें आई है उसके बाद यह प्रमुख वन औषधियों की सूची में शामिल हो सकता है। ग्रामीण ही नहीं शहरी क्षेत्र में भी समान रूप से मिलने वाले इसके पेड़ों में लगे फल अब पकने लगे हैं। सब्जी बाजार की दुकानों में छोटी मात्रा में मौजूदगी भी दिखाई देने लगी है लेकिन फल की श्रेणी में आने के बावजूद इसे फल की पहचान नहीं मिल पाई है लेकिन जिन महत्वपूर्ण तत्व और बीमारियां दूर करने के खुलासे हुए हैं उसके बाद इसे सम्मानजनक स्थान मिल सकता है।
मिले ये तत्व
बेर में जिन तत्वों के होने की जानकारियां मिली है उनमें कैल्शियम, फास्फोरस, मैग्नीशियम, पोटेशियम, सोडियम और क्लोरीन जैसे महत्वपूर्ण तत्वों के होने का खुलासा हुआ है। सबसे महत्वपूर्ण तथ्य यह है कि ये गुण बेर में ही नहीं बल्कि पत्तियों में भी होते हैं। इसलिए इसकी मदद से भी कई स्वास्थ्यगत परेशानियां दूर की जा सकती है।
दूर होंगी यह परेशानियां
पके हुए बेर पर नमक और काली मिर्च लगाकर खाने से अपच की समस्या से छुटकारा पाया जा सकता है। नियमित सेवन से अस्थमा को नियंत्रित करने और मसूड़े में घाव खत्म किए जा सकते हैं। बेर के साथ मट्ठा पीने से बेचैनी, उल्टी और पेट दर्द से आराम मिलता है। यदि बेर का जूस बनाकर सेवन किया जाए तो लंबे समय से चल रहे बुखार को खत्म किया जा सकता है। इसके अलावा फेफड़ों से संबंधित रोग भी दूर किए जा सकते हैं। साथ ही यह त्वचा की खुश्की और शरीर की थकान को भी दूर करता है। त्वचा छिल जाने के बाद होने वाले छोटे घाव पर पका हुआ बेर लगाने से घाव जल्दी ठीक होते हैं।
पत्तियां भी हैं काम की
जिन महत्वपूर्ण तत्वों की उपस्थिति बेर के फलों में मिली है वह सभी इसकी पत्तियों में भी मिले हैं, याने पत्तियां भी महत्वपूर्ण है। बेर की पत्तियों के साथ नीम की पत्तियों को समान मात्रा में मिलाकर पेस्ट बनाने के बाद इसका उपयोग बालों पर किया जाए तो सिर के बाल को गिरने से रोका जा सकता है यानी बाल झड़ने जैसी बढ़ती आम शिकायत भी दूर की जा सकती है।
“बेर की पत्तियों और फलों में मिले 6 महत्वपूर्ण तत्व की जानकारी सामने आने के बाद फलों के सेवन से कई स्वास्थ्यगत परेशानी और पत्तियों में बालों के झड़ने को नियंत्रित करने के गुण भी मिले हैं।”
डॉ अजीत विलियम्स,
साइंटिस्ट, फॉरेस्ट्री, टी.सी.बी. कॉलेज ऑफ एग्री एंड रिसर्च स्टेशन बिलासपुर